शिवपुरी। शहर के श्रीमंत माधवराव सिंधिया खेल परिसर में आयोजित 70वीं राष्ट्रीय बालिका एथलेटिक्स प्रतियोगिता के दूसरे दिन शुक्रवार को खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त मुकाबले देखने को मिले। विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं के हीट राउंड के साथ फाइनल मुकाबले भी आयोजित किए गए। महाराष्ट्र की बेटियों ने 100 मीटर और 3000 मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किए, जबकि 400 मीटर दौड़ में तेलंगाना की खिलाड़ी ने गोल्ड मेडल हासिल किया।
100 मीटर दौड़ में महाराष्ट्र की सबरी संदीप ने 11.80 सेकंड में दौड़ पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। महाराष्ट्र की ही पटोक्रिशा ने 12.01 सेकंड के साथ रजत पदक जीता, जबकि दिल्ली की अमियारा खोंसला 12.07 सेकंड के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। वहीं 3000 मीटर दौड़ में महाराष्ट्र की हिमांशी प्रवीण ने 10 मिनट 12.64 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक हासिल किया। तमिलनाडु की थनिष्का ने 10 मिनट 13.94 सेकंड के साथ रजत और महाराष्ट्र की रूही गिरिशराम ने 10 मिनट 13.97 सेकंड के साथ कांस्य पदक जीता। रूही महज 0.03 सेकंड से रजत पदक से चूक गईं।
400 मीटर दौड़ के फाइनल में तेलंगाना की नल्लावेली ने 55.89 सेकंड में दूरी पूरी कर गोल्ड मेडल जीता। केरल की अलका सिनौज ने 56.14 सेकंड के साथ रजत और इवानाटोमी ने 56.58 सेकंड के साथ कांस्य पदक हासिल किया। पोल वॉल्ट के फाइनल में उत्तर प्रदेश की प्रेक्षा पटेल ने 2.80 मीटर की ऊंचाई पार कर स्वर्ण पदक जीता। ओडिशा की लेंका ने 2.70 मीटर के साथ रजत और तमिलनाडु की तनिष्का श्री ने 2.60 मीटर के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया।
प्रतियोगिता का आयोजन जिला शिक्षा अधिकारी आकाश सिंह यादव के मार्गदर्शन और ऑब्जर्वर डीके सिंह की देखरेख में किया जा रहा है। जिला क्रीड़ा अधिकारी चंद्रशेखर बेमटे ने मैदान से लेकर खिलाड़ियों के आवास तक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। प्रतियोगिता में विभिन्न समितियों के सदस्य एवं खेल शिक्षकों ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया। वहीं फोटोफिनिश टीम ने भी सटीक परिणाम उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
राष्ट्रीय बालिका एथलेटिक्स में महाराष्ट्र की बेटियों का जलवा, 100 और 3000 मीटर में जीते गोल्ड; 400 मीटर में तेलंगाना अव्वल / Shivpuri News




