,

मौजपुर में तहसीलदार विजय कुमार त्यागी का एक्शन, 150 साल पुरानी श्मशान घाट की समस्या के समाधान की खुली राह / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले की तहसील नरवर की ग्राम पंचायत जुझाई के ग्राम मौजपुर में करीब 150 वर्षों से चली आ रही श्मशान घाट की समस्या के समाधान की दिशा में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। गांव में श्मशान घाट के लिए निर्धारित जगह नहीं होने से ग्रामीणों को अंतिम संस्कार में परेशानी होती थी। सरपंच मजबूत सिंह कुशवाह ने नरवर में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में कलेक्टर को आवेदन देकर श्मशान घाट के लिए शासकीय जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की थी। कलेक्टर के निर्देश पर तहसीलदार नरवर विजय कुमार त्यागी राजस्व अमले के साथ मौके पर पहुंचे।

तहसीलदार की मौजूदगी में पटवारी, राजस्व निरीक्षक, सरपंच और ग्रामीणों की उपस्थिति में शांतिपूर्ण ढंग से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। प्रशासन ने शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराकर श्मशान घाट के लिए खाली कराया। कार्रवाई के बाद ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने तहसीलदार विजय कुमार त्यागी और राजस्व टीम का आभार जताते हुए उम्मीद जताई कि जल्द ही यहां श्मशान घाट की समुचित व्यवस्था की जाएगी।

गौरतलब है कि तहसीलदार विजय कुमार त्यागी इससे पहले भी नरवर क्षेत्र में शासकीय रास्तों से अतिक्रमण हटाने को लेकर सक्रिय रहे हैं। ग्राम उरवाहा में करीब 40 वर्षों से बंद शासकीय रास्ता खुलवाने और मगरौनी धान मंडी के चौड़ीकरण के लिए भी कार्रवाई की जा चुकी है। मौजपुर में हुई कार्रवाई को ग्रामीण प्रशासन की सक्रियता और वर्षों पुरानी समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मान रहे हैं।