,

जमीन विवाद में खूनी संघर्ष: कट्टा कनपटी पर अड़ाया, कुल्हाड़ी से किया हमला, युवक और परिवार को पीटा / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले के भौंती थाना क्षेत्र के ग्राम मनपुरा मजरा फुटरा में जमीन विवाद को लेकर एक परिवार पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित गोलू लोधी ने गांव के ही चार लोगों पर घर में घुसकर गाली-गलौज, पथराव, लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला करने तथा कट्टा कनपटी पर अड़ाकर जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। मामले में पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट पीड़ित ने 17 नवंबर को कलेक्टर के समक्ष आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

गोलू लोधी पुत्र जगदीश लोधी ने बताया कि हरिराम लोधी, अशोक लोधी, उमा लोधी और सुजान लोधी के साथ उनका करीब एक साल से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। आरोप है कि उक्त लोगों ने उनकी कृषि भूमि पर कब्जा कर भवन निर्माण कर लिया है। इसी विवाद को लेकर 15 नवंबर 2026 की रात करीब 8 बजे अशोक, सुजान और हरिराम लोधी कथित तौर पर शराब के नशे में उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे।

गोलू के मुताबिक, विरोध करने पर आरोपियों ने उनके घर और परिवारजनों पर पथराव शुरू कर दिया। इसके बाद लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी लेकर घर में घुस आए। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि अशोक और सुजान के पास अवैध कट्टा था, जिसे उन्होंने गोलू की कनपटी पर अड़ाकर परिवार सहित गांव छोड़ने की धमकी दी। इसी दौरान गोलू के माता-पिता और पत्नी मुस्कान लोधी बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया।

पीड़ित का आरोप है कि कुल्हाड़ी से किए गए वार से उनके दाहिने कान में गंभीर चोट आई और काफी खून बहने लगा। वहीं माता-पिता और पत्नी के साथ भी लात-घूंसों और डंडों से मारपीट की गई, जिससे वे बेहोश हो गए। आरोपियों ने जाते समय पुलिस में शिकायत करने पर पूरे परिवार को जान से खत्म करने की धमकी भी दी।

घटना के बाद गोलू ने अपने बुआ के लड़के युवराज लोधी को फोन कर सूचना दी। युवराज उन्हें लेकर भौंती थाने जा रहे थे, तभी रास्ते में आरोपियों द्वारा कथित तौर पर लाठी-डंडों और हथियारों के साथ रोककर शिकायत करने पर धमकाया गया। इसके बाद घायल अवस्था में गोलू थाने पहुंचे।


गोलू ने आवेदन में भौंती थाने में पदस्थ पुलिसकर्मी प्रहलाद यादव पर शिकायत दर्ज करने के बावजूद उचित कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पुलिस ने मामूली धाराओं में मामला दर्ज किया, जबकि घटना में चार लोग शामिल थे। पीड़ित ने आरोप लगाया कि शिकायत में सभी के नाम बताए जाने के बावजूद मुख्य रूप से सुजान और अशोक के विरुद्ध ही कार्रवाई की गई तथा अन्य लोगों को छोड़ दिया गया।

अशोक लोधी पर पैसे के दम पर हत्या के मामले में भी पुलिस से बच निकलने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। साथ ही घर में अकेली रहने वाली बुजुर्ग दादी को भी धमकाए जाने की बात कही गई है।

पीड़ित गोलू लोधी ने कलेक्टर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, सभी कथित आरोपियों के विरुद्ध उचित दंडात्मक कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।