शिवपुरी। जिले के लुकवासा थाना क्षेत्र के ग्राम खरेई से एक महिला के करीब डेढ़ महीने से लापता होने का मामला सामने आया है। महिला के पति घनश्याम जाटव ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपकर पत्नी मनीषा जाटव की शीघ्र तलाश कराने की गुहार लगाई है। पति का कहना है कि पत्नी के लापता होने के बाद से परिवार परेशान है और दोनों छोटे बच्चे लगातार अपनी मां के लौटने का इंतजार कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, मनीषा जाटव (35) 30 सितंबर 2026 की रात अचानक लापता हो गई थीं। पति घनश्याम जाटव का कहना है कि रात करीब एक बजे तक पत्नी घर में सो रही थी, लेकिन सुबह लगभग चार बजे जब उसकी नींद खुली तो पत्नी कमरे में नहीं मिली। इसके बाद परिजनों के साथ गांव और आसपास के क्षेत्रों में तलाश की गई। रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी खोजबीन की गई, लेकिन महिला का कोई पता नहीं चला।
घनश्याम के मुताबिक, पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट थाना लुकवासा में दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने अपराध क्रमांक 640 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3) में मामला पंजीबद्ध किया है। हालांकि, पति का आरोप है कि काफी समय बीत जाने के बाद भी पत्नी का कोई सुराग नहीं मिला है और उसे पुलिस की जांच की प्रगति के संबंध में संतोषजनक जानकारी भी नहीं दी गई है।
पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में घनश्याम जाटव ने प्रकरण की समीक्षा कराने, विशेष पुलिस टीम गठित करने तथा मोबाइल नंबर, कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच कराने की मांग की है। साथ ही अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराने और लापता महिला को सुरक्षित तलाशकर परिवार से मिलवाने की गुहार लगाई है।
पति का कहना है कि परिवार के दो छोटे बच्चे रोज अपनी मां के लौटने की राह देखते हैं। पत्नी के अचानक लापता होने से पूरा परिवार मानसिक परेशानी से गुजर रहा है। अब परिवार को वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से ही पत्नी की तलाश में मदद की उम्मीद है।
दो बच्चों की मां एक महीने से लापता, पति ने एसपी से लगाई पत्नी को तलाशने की गुहार, विशेष पुलिस टीम गठित कर तलाश कराने की मांग / Shivpuri News




