शिवपुरी। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बदरवास क्षेत्र के ग्राम रैंझागढ़ से 65.5 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 25 हजार रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान 21 वर्षीय आरोपी राजीव यादव को गिरफ्तार किया गया।
कलेक्टर अर्पित वर्मा एवं आबकारी उपायुक्त संदीप शर्मा के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी शुभम दांगोड़े के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। वृत्त कोलारस प्रभारी बृजराज शर्मा को मुखबिर से सूचना मिली थी, जिसके आधार पर टीम ने ग्राम रैंझागढ़ में दबिश दी।
छापेमारी के दौरान टीम ने देशी मदिरा प्लेन, मसाला और विदेशी मदिरा बीयर सहित कुल 65.5 बल्क लीटर अवैध शराब बरामद की। मामले में आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) एवं 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस कार्रवाई के बाद आरोपी राजीव पुत्र दिनेश यादव (21), निवासी रैंझागढ़ को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक राहुल गुप्ता, लोकेश बेवारिया सहित आबकारी बल एवं होमगार्ड जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
बदरवास के रैंझागढ़ गांव में आबकारी विभाग की दबिश, 65.5 लीटर अवैध शराब जब्त, 21 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार / Shivpuri News



