,

गुरुद्वारा चौराहे पर जाम से मिलेगी मुक्ति, यातायात पुलिस ने की बैरिकेडिंग, नई ट्रैफिक व्यवस्था लागू / Shivpuri News

शिवपुरी। शहर के व्यस्त गुरुद्वारा चौराहे पर आए दिन लगने वाले जाम की समस्या से आमजन को राहत दिलाने के लिए यातायात पुलिस ने नई व्यवस्था लागू की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश के बाद यातायात पुलिस ने गुरुद्वारा चौराहे पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करना शुरू कर दिया है।

नई व्यवस्था के तहत अब कोई भी वाहन गुरुद्वारा चौराहे को सीधे क्रॉस नहीं कर सकेगा। वाहन चालकों को माधव चौक, ठंडी सड़क कट पॉइंट, गैलेक्सी होटल अथवा कल्ला पान के पास से यू-टर्न लेकर वापस जाना होगा।

यातायात पुलिस का मानना है कि इस व्यवस्था से चौराहे पर वाहनों का अनावश्यक दबाव कम होगा और बार-बार लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। साथ ही आम नागरिकों को आवागमन में होने वाली परेशानी से भी निजात मिल सकेगी।

पुलिस ने वाहन चालकों से नई यातायात व्यवस्था का पालन करने और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।