शिवपुरी। धार्मिक आयोजन में अन्नकूट की प्रसादी ग्रहण कर घर लौट रहे दो लोगों की बाइक अचानक जंगली सुअर से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक चला रहे 60 वर्षीय सीताराम भार्गव की जान चली गई, जबकि उनके साथी रवि बंसल गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर में जंगली सुअर भी घायल हो गया।
घटना रविवार रात करीब 11 बजे फिजिकल थाना क्षेत्र के बाजा हाउस रोड पर रंगमहल वाटिका के पास हुई। जानकारी के अनुसार सीताराम भार्गव चिंताहरण मंदिर के पास चाय की गुमठी चलाते थे। रविवार रात वह रवि बंसल के साथ किसी धार्मिक स्थान पर अन्नकूट की प्रसादी ग्रहण कर बाइक से लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक सड़क पर आए जंगली सुअर से उनकी बाइक टकरा गई।
हादसे के बाद दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सीताराम भार्गव को मृत घोषित कर दिया। रवि बंसल का उपचार जारी है।
इस हादसे का एक और चिंताजनक पहलू सामने आया। बाइक से टकराने के बाद घायल जंगली सुअर रातभर सड़क किनारे पड़ा रहा और सोमवार सुबह तक वहीं दिखाई दिया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद शहर के रिहायशी इलाकों में जंगली जानवरों की आवाजाही और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर शहर की सड़कों पर वन्यजीवों की मौजूदगी कब किसी और की जान ले ले, यह चिंता का विषय बन गया है।
अन्नकूट की प्रसादी खाकर लौट रहे बुजुर्ग की मौत, बाजा हाउस रोड पर बाइक से टकराया जंगली सुअर / Shivpuri News



