शिवपुरी में समरसता यात्रा के दौरान सियासी धमाका, अपनी ही पार्टी सहित भाजपा पर भी साधा निशाना; नई पार्टी के सवाल पर बोले- भविष्य परिस्थितियां तय करेंगी।
शिवपुरी। मध्यप्रदेश की सियासत में एक बार फिर पूर्व सांसद लक्ष्मण सिंह के बयान ने हलचल मचा दी है। सोमवार को समरसता यात्रा के तहत शिवपुरी पहुंचे लक्ष्मण सिंह ने सर्किट हाउस में प्रेसवार्ता के दौरान भाजपा और कांग्रेस दोनों को राजनीतिक आईना दिखाया। उन्होंने दो टूक दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में दोनों ही दल बहुमत के आंकड़े तक नहीं पहुंच पाएंगे।
भाजपा के बहुमत हासिल करने के दावों पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि अगर भाजपा यह सोच रही है कि अगला चुनाव उसके लिए आसान होगा, तो यह उसकी गलतफहमी है। वहीं कांग्रेस को भी उन्होंने आड़े हाथों लेते हुए कहा कि प्रदेश की आर्थिक स्थिति और बढ़ते कर्ज जैसे मुद्दों पर विपक्ष प्रभावी तरीके से आवाज नहीं उठा पा रहा है।
‘अब किसी पार्टी में शामिल नहीं होऊंगा’
नई राजनीतिक पार्टी बनाने की संभावनाओं पर पूछे गए सवाल के जवाब में लक्ष्मण सिंह ने कहा कि आगे क्या होगा, यह परिस्थितियां तय करेंगी। हालांकि उन्होंने अपना रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि अब वह किसी भी राजनीतिक पार्टी में शामिल नहीं होंगे।
100 गाड़ियों के काफिले और मालाओं की राजनीति पर तंज
समरसता यात्रा का उद्देश्य बताते हुए उन्होंने कहा कि समाज में जातिगत टकराव खत्म हो, आपसी भाईचारा बढ़े और राष्ट्रहित सर्वोपरि रहे। उन्होंने नेताओं की दिखावे वाली राजनीति पर कटाक्ष करते हुए कहा कि 100 गाड़ियों के काफिले में चलना, 100 मालाएं पहनना और जनता से संवाद नहीं करना आज फैशन बन गया है। उनकी यात्रा में इसके उलट आम लोगों को अपनी बात रखने का मौका दिया जा रहा है।
यूजीसी कानून से लेकर 5 लाख करोड़ के कर्ज तक उठाए सवाल
लक्ष्मण सिंह ने कहा कि सरकारों को कोई भी कानून बनाने से पहले जनता की राय लेनी चाहिए। उन्होंने यूजीसी कानून का जिक्र करते हुए जनमत को महत्व देने की बात कही। वहीं मध्यप्रदेश सरकार पर करीब 5 लाख करोड़ रुपये के कर्ज का दावा करते हुए भ्रष्टाचार पर भी सवाल उठाए।
शिवपुरी की इस प्रेसवार्ता में लक्ष्मण सिंह का सबसे चर्चित संदेश यही रहा कि आने वाला चुनाव भाजपा और कांग्रेस दोनों के लिए आसान नहीं होगा। अब उनके इस बयान के राजनीतिक गलियारों में क्या मायने निकाले जाते हैं, यह देखना दिलचस्प होगा।
न भाजपा की राह आसान, न कांग्रेस की नैया पार! लक्ष्मण सिंह बोले- दोनों को नहीं मिलेगा बहुमत, अब किसी पार्टी में नहीं जाऊंगा / Shivpuri Neww



