,

नहर के पास अमित को घेरकर लाठी-डंडों से पीटा, घर में बंद कर दोबारा मारपीट का आरोप; जेब से 40 हजार रुपए छीनने की शिकायत / Shivpuri News

शिवपुरी। पुरानी रंजिश के चलते युवक के साथ नहर के पास मारपीट करने, फिर उसे घर ले जाकर कमरे में बंद कर बेरहमी से पीटने और जेब में रखे 40 हजार रुपए छीनने का मामला सामने आया है। मामले में ग्राम दुनी निवासी श्रीमती सुमन पत्नी बल्लू विश्वकर्मा ने पुलिस अधीक्षक शिवपुरी को आवेदन देकर सुरेश पाल, उसके पुत्र बृजेन्द्र पाल, दिनेश पाल सहित भजन पाल और सखी पाल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

सुमन ने बताया कि उनका पुत्र अमित विश्वकर्मा 3 नवंबर 2026 को सुबह करीब 10 बजे अपनी मां के मायके ग्राम कमालपुर मजरा धराहार जा रहा था। इसी दौरान आरोपियों ने उसे नहर के पास घेर लिया और लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इसके बाद आरोपी अमित को अपने घर ले गए, जहां कमरे में बंद कर उसके साथ दोबारा मारपीट की गई। इस दौरान उसकी जेब में रखे फसल विक्रय के 40 हजार रुपए भी छीन लिए गए।

जानकारी के मुताबिक घटना की जानकारी मिलने पर सुमन के भाई अखिलेश मौके पर पहुंचे। आरोप है कि मारपीट के बाद आरोपियों ने अमित को फंसाने के उद्देश्य से डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस अमित और बृजेन्द्र को थाने ले गई। इसके बाद सुमन के भाई और पति पिछोर थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना बताई, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के बजाय सादे कागज पर आवेदन लेकर कार्रवाई नहीं की।

सुमन ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी पक्ष पहले भी उनके बेटे के साथ दो बार सिरसौद और ग्राम बड़ेरा के रास्ते में मारपीट कर चुका है। पुरानी रंजिश के चलते अब उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने तथा झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकियां दी जा रही हैं।

पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर निष्पक्ष कार्रवाई करने और अपने परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।