शिवपुरी। जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए परिवहन विभाग ने विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में 32 वाहनों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन मिलने पर 44 हजार 500 रुपये का शमन शुल्क वसूल किया गया, वहीं दो वाहनों को जब्त किया गया।
वरिष्ठ जिला परिवहन अधिकारी रंजना सिंह कुशवाह एवं परिवहन उप निरीक्षक प्रवीण डाबर के मार्गदर्शन में चलाए गए अभियान के दौरान वाहनों के दस्तावेजों और यातायात नियमों के पालन की बारीकी से जांच की गई। जांच में कागजातों की कमी और अन्य नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान जब्त किए गए दो वाहनों में से एक को थाना पिछोर और दूसरे को खोड़ चौकी परिसर में सुरक्षित रखवाया गया है।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध दस्तावेजों के वाहन चलाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।
शिवपुरी में परिवहन विभाग की कार्रवाई, 32 वाहनों की जांच; 44,500 रुपये का जुर्माना वसूला, 2 वाहन जब्त / Shivpuri News



