शिवपुरी। जिले की तहसील नरवर के ग्राम उरवाह में करीब 40 वर्षों से बंद पड़े शासकीय रास्ते को प्रशासन ने खुलवाकर किसानों को बड़ी राहत दी है। नरवर तहसीलदार विजय कुमार त्यागी ने मौके पर पहुंचकर राजस्व टीम एवं पुलिस बल की मौजूदगी में रास्ता खुलवाया और आवागमन चालू कराया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम उरवाह के कृषकों ने श्रीमान कलेक्टर महोदय की जनसुनवाई तथा जनपद पंचायत नरवर में आयोजित जन विश्वास शिविर में शिकायत दर्ज कराई थी। किसानों ने बताया कि ग्राम उरवाह का शासकीय रास्ता खसरा नंबर 364, रकबा 0.370 हेक्टेयर पर गांव के ही अन्य कृषकों द्वारा लगभग 40 वर्षों से अवरोध कर बंद किया गया था। रास्ता बंद होने के कारण किसानों को अपने खेतों तक पहुंचने और कृषि कार्य करने में परेशानी हो रही थी।
किसानों की शिकायत पर कलेक्टर महोदय द्वारा रास्ता खुलवाने के निर्देश दिए गए। निर्देशों के पालन में 04 नवंबर 2026 को तहसील नरवर की राजस्व टीम एवं पुलिस बल के साथ तहसीलदार विजय कुमार त्यागी मौके पर पहुंचे। शासकीय रास्ते का सीमांकन कर चूने की लाइन डाली गई। इसके बाद जेसीबी मशीन की मदद से रास्ते को खुलवाकर आवागमन सुचारू कराया गया।
करीब चार दशक से बंद रास्ता खुलने से ग्राम उरवाह के किसानों को राहत मिली है। अब किसान अपने खेतों तक आसानी से पहुंच सकेंगे और कृषि कार्य सुचारू रूप से कर सकेंगे। प्रशासन की इस कार्रवाई को किसानों के हित में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
40 साल से बंद शासकीय रास्ते को तहसीलदार विजय कुमार त्यागी ने खुलवाया, उरवाह के किसानों को मिली राहत / Shivpuri News




