शिवपुरी। जिले में जमीन से जुड़े विवादों और आम नागरिकों की समस्याओं के निराकरण को लेकर जिला प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर प्रशासनिक टीम ने ग्राम मुड़खेड़ा निवासी चम्पाबाई आदिवासी की जमीन से अवैध कब्जा हटवाकर उन्हें वापस आधिपत्य दिलाया।
जानकारी के अनुसार, चम्पाबाई आदिवासी की सर्वे नंबर 278, रकबा 1.160 हेक्टेयर भूमि पर तार फेंसिंग और पत्थर की मुड़्डी डालकर अवैध कब्जा किया गया था। मामला कलेक्टर अर्पित वर्मा के संज्ञान में आने के बाद उन्होंने तत्काल एसडीएम और तहसीलदार को कार्रवाई के निर्देश दिए।
निर्देश के पालन में प्रशासनिक दल मौके पर पहुंचा और अनावेदक तरुण शर्मा द्वारा किए गए कब्जे को हटवाया। टीम ने तार फेंसिंग और पत्थर की मुड़्डी हटवाकर पंचनामा तैयार किया तथा चम्पाबाई आदिवासी को उनकी जमीन का वैध आधिपत्य वापस सौंप दिया। कार्रवाई से संतुष्ट चम्पाबाई ने कलेक्टर और जिला प्रशासन का आभार जताया।
वहीं, प्रशासन ने संवेदनशीलता दिखाते हुए गंभीर बीमारी से ग्रसित बदरवास की हनुमान कॉलोनी, वार्ड क्रमांक 13 निवासी नरेश खण्डेल को इलाज के लिए रेडक्रॉस मद से 10 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की। कलेक्टर अर्पित वर्मा ने उन्हें सहायता राशि का चेक सौंपा, ताकि बेहतर उपचार में मदद मिल सके।
कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर चम्पाबाई आदिवासी की जमीन से हटाया अवैध कब्जा, नरेश खण्डेल को इलाज के लिए रेडक्रॉस से मिली 10 हजार की सहायता / Shivpuri News



