शिवपुरी। जिले के भौंती थाना क्षेत्र में युवती को जबरदस्ती कार में बैठाकर ले जाने, उसके साथ छेड़छाड़ करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी प्रियांशु उर्फ हनी अग्रवाल (20) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, 3 नवंबर 2026 को पीड़िता ने भौंती थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि भौंती निवासी प्रियांशु उर्फ हनी अग्रवाल ने उसे जबरदस्ती कार में बैठाकर अपने साथ ले जाने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपी ने कथित तौर पर उसके साथ बुरी नीयत से छेड़छाड़ की और जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़िता की शिकायत पर थाना भौंती में अपराध क्रमांक 360/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 87, 74, 75(1) एवं 351(3) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरडी प्रजापति एवं एसडीओपी पिछोर प्रमोद शाक्य के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक घनश्याम भदौरिया ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए 3 नवंबर को ही आरोपी प्रियांशु अग्रवाल उर्फ हनी पुत्र मुकेश कुमार अग्रवाल, उम्र 20 वर्ष, निवासी भदौरिया कॉलोनी भौंती को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार भी बरामद की है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी घनश्याम भदौरिया, उपनिरीक्षक चेतन शर्मा सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
युवती को जबरन कार में बैठाकर ले जाने और छेड़छाड़ का आरोप, भौंती पुलिस ने प्रियांशु उर्फ हनी अग्रवाल को किया गिरफ्तार / Shivpuri News




