शिवपुरी। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भगवान श्रीकृष्ण और भगवान श्रीराम को लेकर दिए गए कथित बयान पर यादव महासभा ने नाराजगी जताई है। अखिल भारतीय यादव महासभा शिवपुरी के जिला अध्यक्ष श्याम सिंह यादव ने इस संबंध में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर आपत्ति दर्ज कराई है।
ज्ञापन में कहा गया है कि भगवान श्रीकृष्ण केवल यादव समाज ही नहीं, बल्कि संपूर्ण सनातन समाज की आस्था, श्रद्धा और विश्वास के प्रतीक हैं। उन्होंने श्रीमद्भगवद्गीता के माध्यम से पूरी मानवता को कर्म, धर्म, सत्य और न्याय का मार्ग दिखाया है।
यादव महासभा ने आरोप लगाया कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के बीच अंतर बताते हुए श्रीकृष्ण के लिए कथित रूप से आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया, जिससे धार्मिक भावनाओं और सामाजिक सद्भाव को ठेस पहुंची है।
महासभा ने धार्मिक मंचों से ऐसी भाषा का प्रयोग नहीं करने की मांग की है, जिससे समाज में तनाव और आपसी वैमनस्य की स्थिति बने। जिला अध्यक्ष श्याम सिंह यादव ने बयान की निंदा करते हुए प्रशासन से उचित कार्रवाई की मांग की है।
धीरेंद्र शास्त्री के भगवान श्रीकृष्ण पर दिए बयान से यादव महासभा नाराज, जिला अध्यक्ष श्याम सिंह यादव ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन / Shivpuri News




