शिवपुरी। खनियांधाना थाना क्षेत्र के तहत आने वाले ग्राम खरिया में रहने वाले एक वृद्ध दंपत्ति की जमीनी विवाद के चलते मारपीट कर दी। मामले को लेकर एफआईआर भी करवाई लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर आरोपितों के हौसले बुलंद हो गए और दोबारा से मारपीट कर दी। वृद्ध दंपत्ति एसपी के पास गुरूवार को अपनी फरियाद लेकर पहुंचे।
शीलाबाई पत्नी अमोलसिंह यादव ने एसपी को दिए एक आवेदन में बताया कि गांव में रहने वाले जसराम यादव, कप्तानसिंह, अजय यादव, रामदेवी यादव द्धारा आए दिन जमीन के विवाद को लेकर गाली—गलौंज कर जान से मारने की धमकी दी जाती है। बीती 1 जनवरी को उन्होंने मारपीट कर दी और कहा कि जमीन नहीं दी तो जान से खत्म कर देंगे। उक्त लोग हमारी जमीन में उग रही फसल को नष्ट करने के लिए जानवर छोड़ देते हैं। मामले को लेकर पुलिस में एफआईआर भी दर्ज करवाई लेकिन शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई जिस पर आरोपितों के हौसले बुलंद हो गए और 14 फरवरी को घर में घुसकर मारपीट कर दी। वृद्ध दंपत्ति ने एसपी से मामले में न्याय की गुहार लगाकर आरोपितों के खिलाफ कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।




