शिवपुरी। जिले के कोलारस थाना क्षेत्र के ग्राम चकक भड़ोता में पारिवारिक विवाद का मामला सामने आया है। गांव की निवासी कलावती जाटव ने अपने देवर जयपाल जाटव और परिवार के अन्य सदस्यों पर मारपीट, जेवरात व नकदी ले जाने तथा कृषि उपकरण और फसल बेचने के आरोप लगाए हैं। शुक्रवार को कलावती के परिवार की ओर से पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर मामले में कार्रवाई की मांग की गई।
कलावती के मुताबिक, घटना के समय उनके पति थ्रेसर चलाने के लिए खेत पर गए हुए थे और वह घर पर अकेली थीं। इसी दौरान उनके देवर जयपाल जाटव ने उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि मारपीट के बाद घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात और 10 से 12 हजार रुपये नकद भी ले लिए गए। इस संबंध में कलावती ने 16 अक्टूबर 2026 को पुलिस अधीक्षक के समक्ष शिकायत दी थी।
कलावती का आरोप है कि शिकायत करने के बाद से परिवार में विवाद और बढ़ गया। उनके परिवार की ओर से दिए गए नए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि जयपाल ने ट्रैक्टर पर कब्जा कर लिया, जबकि दो ट्रॉली मक्का चोरी से भरकर जगदीश जाटव और अरविंद जाटव के साथ मंडी में बेच दी गई। इसके अलावा ट्रैक्टर और थ्रेसर को भी बेचने का आरोप लगाया गया है।
शिकायत में परिवार ने आरोप लगाया है कि शिकायत के बावजूद थाना कोलारस में सुनवाई नहीं हो रही है। साथ ही राजनीतिक संरक्षण के चलते कार्रवाई प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।
कलावती और उनके परिवार ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर मारपीट, जेवरात व नकदी ले जाने तथा फसल और कृषि उपकरणों को बेचने के आरोपों पर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
देवर पर कलावती ने लगाए मारपीट और जेवर-नकदी ले जाने के आरोप, अब पति के ट्रैक्टर, थ्रेसर और मक्का बेचने की भी शिकायत / Shivpuri News




