शिवपुरी। जिले के पिछोर थाना पुलिस ने बाचरौन मॉडल स्कूल के पास स्थित खाद गोदाम में हुई चोरी का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गई 136 बोरी यूरिया और 18 बोरी एनपीके खाद, कुल 154 बोरी खाद बरामद की है। बरामद खाद की कीमत करीब 75 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल किया गया लोहे का सब्बल भी जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर 2026 को सहायक समिति प्रबंधक राजेश लोधी निवासी बमना ने थाना पिछोर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि बाचरौन मॉडल स्कूल के पास स्थित खाद गोदाम का ताला तोड़कर अज्ञात चोर 47 बोरी एनपीके और 149 बोरी यूरिया खाद चोरी कर ले गए थे। इस पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 474/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति और एसडीओपी पिछोर प्रमोद शाक्य के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्धों से पूछताछ की। जांच के दौरान केदार लोधी निवासी ग्राम राजपुर और अंकेश लोधी निवासी ग्राम रही की संलिप्तता सामने आई।
पुलिस के मुताबिक, हिरासत में पूछताछ के दौरान केदार लोधी ने अपने साथियों के साथ मिलकर 29 सितंबर की रात गोदाम का शटर तोड़कर खाद की बोरियां चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद केदार की निशानदेही पर 136 बोरी यूरिया, 18 बोरी एनपीके खाद और वारदात में इस्तेमाल लोहे का सब्बल जब्त किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों केदार पुत्र लखनलाल लोधी (30) निवासी राजपुर और अंकेश पुत्र राजाराम लोधी (20) निवासी रही को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नीतू सिंह, उपनिरीक्षक रामकिशोर जोशी, सुबोध टोप्पो, सहायक उपनिरीक्षक अरविंद सगर सहित आरक्षक धर्मेन्द्र लोधी, विकास शिवहरे और प्रदीप नरवरिया की सराहनीय भूमिका रही।
पिछोर में खाद गोदाम चोरी का खुलासा: केदार लोधी और अंकेश लोधी गिरफ्तार, 75 हजार की खाद बरामद / Shivpuri News



