शिवपुरी। शहर की सड़कों पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले ऑटो रिक्शा चालकों के खिलाफ परिवहन विभाग ने कार्रवाई की है। शनिवार को चलाए गए सघन चेकिंग अभियान के दौरान 28 सवारी ऑटो रिक्शा की जांच की गई, जिसमें दस्तावेजों और नियमों में कमियां पाए जाने पर 12 ऑटो रिक्शा जब्त कर लिए गए।
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर जिला परिवहन अधिकारी रंजना सिंह कुशवाह के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। परिवहन उपनिरीक्षक प्रवीण डावर और विभागीय टीम ने शहर के प्रमुख मार्गों एवं चौराहों पर वाहनों को रोककर जांच की।
अभियान के दौरान ऑटो रिक्शा चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, परमिट, फिटनेस प्रमाणपत्र, अन्य आवश्यक दस्तावेजों और सुरक्षा मानकों की जांच की गई। जांच में नियमों का पालन नहीं करने वाले 12 ऑटो रिक्शा जब्त कर परिवहन कार्यालय परिसर में खड़े कराए गए।
परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने और यात्रियों की सुरक्षा के लिए चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। वाहन चालकों को अपने वाहनों के सभी वैध दस्तावेज पूरे रखने और यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई है।
शिवपुरी में परिवहन विभाग की कार्रवाई, चेकिंग में 12 ऑटो रिक्शा जब्त / Shivpuri News




