शिवपुरी। जिले की रन्नौद तहसील के ग्राम अकाझिरी में भाई-बहन के साथ कथित मारपीट और छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। कुशवाहा परिवार ने चार लोगों पर रास्ता रोककर युवती से छेड़छाड़ करने और विरोध करने पर उसके भाई के साथ बेरहमी से मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। परिजनों का यह भी आरोप है कि युवक के पैर रस्सी से बांधकर उसे अपाचे मोटरसाइकिल से घसीटते हुए ले जाया गया। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजनों के अनुसार, भाई-बहन रामलीला देखने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में चार लोगों ने कथित रूप से उनका रास्ता रोक लिया और युवती के साथ छेड़छाड़ की। जब भाई ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
कुशवाहा परिवार का आरोप है कि युवकों ने मारपीट के दौरान पीड़ित के पैर रस्सी से बांध दिए और उसे अपाचे मोटरसाइकिल से घसीटते हुए ले गए। इस घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए रन्नौद स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल शिवपुरी रेफर कर दिया गया।
परिजनों के मुताबिक, जिला अस्पताल में युवक का उपचार जारी है और उसकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद परिवार ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिवपुरी के अकाझिरी में रामलीला देखने जा रहे भाई-बहन को रोका, छेड़छाड़ का विरोध करने पर भाई से मारपीट; पैर रस्सी से बांधकर बाइक से घसीटने का आरोप / Shivpuri News




