,

मनपुरा चौराहे पर जलता पुतला बाइक के सामने फेंकने का आरोप, अवधेश बंशकार के कपड़े जले; मुन्नालाल कुशवाहा, दिनेश सगर और उमेश कछवारे के खिलाफ मामला दर्ज / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले के भौंती थाना क्षेत्र के मनपुरा चौराहे पर जलता हुआ पुतला बाइक सवार के सामने फेंककर रास्ता रोकने और जान खतरे में डालने का मामला सामने आया है। राधाकृष्ण मोहल्ला भौंती निवासी 24 वर्षीय अवधेश बंशकार की शिकायत पर पुलिस ने मुन्नालाल कुशवाहा, दिनेश सगर, उमेश कछवारे सहित अन्य दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, 20 अक्टूबर 2026 को अवधेश बंशकार अपनी मां को गणेशखेड़ा छोड़कर मोटरसाइकिल से भौंती लौट रहा था। शाम करीब 6 से 6:30 बजे के बीच जब वह मनपुरा चौराहे पर बस स्टैंड के सामने से गुजर रहा था, तभी वहां कुछ लोग घास-फूस से बने पुतले में आग लगा रहे थे।

आरोप है कि पुतले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और विधायक प्रीतम लोधी के पोस्टर लगे हुए थे। पुतले में पेट्रोल डालकर आग लगाने के बाद उसे बाइक के सामने सड़क पर फेंक दिया गया। इससे अवधेश का रास्ता रुक गया और जलते पुतले की आग से उसका पेंट नीचे से जल गया। उसके पैर में भी जलन होने लगी।

अवधेश का आरोप है कि जब उसने इस हरकत का विरोध किया तो दिनेश सगर ने उसके साथ गाली-गलौज की। वहीं, उमेश कछवारे और मुन्नालाल कुशवाहा ने कथित तौर पर उसे वहां से चले जाने के लिए कहा और जान से मारने की धमकी दी।

घटना के बाद अवधेश भौंती पहुंचा और मोटरसाइकिल मालिक लक्ष्मण सिंह लोधी को पूरी जानकारी दी। इसके बाद वह उनके साथ थाने पहुंचा और लिखित शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, प्रार्थी अवधेश बंशकार ने 20 अक्टूबर को थाना भौंती में आवेदन प्रस्तुत किया। शिकायत के आधार पर मुन्नालाल कुशवाहा, दिनेश सगर, उमेश कछवारे सहित अन्य दो लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। मामले में आरोपों की जांच की जा रही है।