शिवपुरी। मेडिकल कॉलेज के पास बनी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी तात्याटोपे नगर में रहने वाले 400 परिवारों को एक साल बाद पेयजल के बिल थमा दिए हैं। किसी को चार हजार तो किसी को छह हजार रुपये का बिल दिया गया है। कॉलोनीवासियों का कहना है कि हाउसिंग बोर्ड ने अनुबंध किया है कि उपभोक्ताओं से ली गई राशि का एक हिस्सा एकमुश्त बैंक में जमा कर दिया जाएगा और उस राशि का जो भी ब्याज आएगा उस ब्याज की राशि से एक साल तक कॉलोनी की साफ-सफाई, मेंटीनेंस व पेयजल की व्यवस्था की जाएगी। कॉलोनी दिसंबर माह में नगर पालिका को हैंडओवर कर दी गई और उसके बाद हाउसिंग बोर्ड ने कॉलोनी वालों को हजारों रुपये के पानी के बिल थमा दिए हैं जो पूर्णतः गलत हैं। कॉलोनी वाले हाउसिंग बोर्ड के इस कदम को न सिर्फ मनमानी करार दे रहे हैं बल्कि यहां तक कह रहे हैं कि कहीं न कहीं यह किसी बड़े घोटाले की सुगबुगाहट है। अब सभी कॉलोनीवासियों ने मामले को न्यायालय में ले जाने का मन बना लिया है और इसके लिए वकील हायर कर दस्तावेजी कार्रवाई शुरू कर दी है।
हाउसिंग बोर्ड ने थमाए 1 साल के पेयजल के बिल, कॉलोनीवासी बोले जाएंगे कोर्ट / Shivpuri News




