,

पोहरी के ककरा गांव में आवारा कुत्ते का हमला, 7 साल की अवनी के चेहरे और मुंह को नोचा, 8 टांके लगे / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले के पोहरी थाना क्षेत्र के ग्राम ककरा में बुधवार शाम एक कुत्ते ने 7 वर्षीय बच्ची अवनी आदिवासी पर हमला कर दिया। हमले में बच्ची के चेहरे और मुंह पर गंभीर चोटें आई हैं। घायल बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों ने उसके मुंह पर 8 टांके लगाए हैं।

जानकारी के अनुसार, अवनी के पिता राम अवतार आदिवासी और मां बुधवार को मजदूरी करने शिवपुरी गए हुए थे। बच्ची घर पर अपनी नानी के साथ थी। शाम को जब अवनी घर के बाहर खेल रही थी, तभी गांव के एक कुत्ते ने अचानक उस पर हमला कर दिया और उसके चेहरे व मुंह को बुरी तरह नोच लिया।

बच्ची की चीख-पुकार सुनकर उसकी नानी मौके पर पहुंचीं और कुत्ते से उसे बचाया। इसके बाद परिजन घायल बच्ची को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है।

घटना के बाद बच्ची के परिजन चिंतित हैं। इस घटना ने गांव में बच्चों की सुरक्षा और आवारा कुत्तों के खतरे को लेकर चिंता बढ़ा दी है।