शिवपुरी। सोमवार रात पिकअप वाहन के पलटने से पश्चिम बंगाल के चार मजदूरों की मौत और 15 घायल होने के हादसे को लोग गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। यही कारण है कि पोहरी रोड पर एक शादी समारोह में जाने के लिए बुधवार रात पिकअप वाहन में 40 सवारी जाती हुई यातायात पुलिस ने देखी, जिस पर वाहन रोककर उसे जब्त करने की कार्रवाई की है। यातायात प्रभारी रणवीर यादव ने बताया कि ओवरलोडिंग वाहनों के कारण अक्सर वाहन दुर्घटना के शिकार होते हैं। पोहरी चौराहे पर जब वाहनों की चेकिंग बुधवार रात 7:30 बजे की जा रही थी, तभी लोडिंग वाहन क्रमांक एमपी 33 जी 1131 को चेक किया तो उसमें 40 लोग सवार थे। वाहन को यातायात थाने लाया गया और आगामी कार्रवाई के लिए उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। यातायात प्रभारी ने बताया कि ओवरलोडिंग के कारण हो रही दुर्घटनाओं को कम करने के लिए लगातार अब यह कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि इस वाहन में सवार यात्रियों को लेकर वाहन चालक नवीन कुशवाहा पुत्र अन्नू निवासी बरखेड़ा शादी समारोह में शामिल होने के लिए मचा गांव पोहरी से शिवपुरी आए थे। कहीं दुर्घटना घटित होती तो यह भी एक बड़ा हादसा होता, इससे लोग सबक लें इसीलिए यह कार्रवाई की है।
लोडिंग में बैठकर 40 लोग जा रहे थे शादी में, कार्रवाई / Shivpuri News




