,

दीपावली से पहले शिवपुरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 660 अवैध देशी पटाखों के साथ देवेन्द्र केवट गिरफ्तार, 20 हजार रुपये के पटाखे जब्त / Shivpuri News

शिवपुरी। दीपावली के त्योहार से पहले अवैध पटाखों के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए शिवपुरी पुलिस ने कार्रवाई की है। थाना फिजिकल पुलिस ने जाट होटल करबला के सामने से एक युवक को अवैध रूप से देशी पटाखों का परिवहन करते हुए पकड़ा। पुलिस ने उसके कब्जे से दो सफेद प्लास्टिक के कट्टों में रखे 66 पैकेट, कुल 660 हाथ से बने देशी पटाखे जब्त किए हैं। जब्त पटाखों की कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर को थाना प्रभारी निरीक्षक अविनाश राठौड़ को मुखबिर से अवैध पटाखों के परिवहन की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। पुलिस टीम जब जाट होटल करबला के सामने पहुंची तो वहां दो प्लास्टिक के कट्टे लेकर खड़ा एक व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने उसे पकड़कर कट्टों की तलाशी ली, जिसमें हाथ से बने देशी पटाखे मिले।

पटाखों के परिवहन के संबंध में वैध लाइसेंस मांगे जाने पर आरोपी लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने पटाखे जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके विरुद्ध भारतीय विस्फोटक अधिनियम, 1884 की धारा 9(ख) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।

अशोकनगर का रहने वाला है आरोपी

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान देवेन्द्र केवट (23), पुत्र नेपाल सिंह केवट, निवासी पारसोल, थाना ईसागढ़, जिला अशोकनगर के रूप में हुई है।

एसपी के निर्देश पर कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति एवं सीएसपी सचिन कुमार धुर्वे के मार्गदर्शन में की गई।

कार्रवाई में निरीक्षक अविनाश राठौड़, उपनिरीक्षक रामेन्द्र सिंह चौहान, प्रधान आरक्षक अंजीत तिवारी, प्रधान आरक्षक विजय सेंगर, आरक्षक पुष्पेन्द्र राव और आरक्षक असलम खान की भूमिका रही।

दीपावली के मद्देनजर पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अवैध पटाखों के निर्माण और परिवहन पर निगरानी को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है।