शिवपुरी। शहर के सराफा बाजार से जुड़ा सोने के जेवरों का लाखों रुपये का मामला सामने आया है। पुरानी शिवपुरी निवासी धर्मेंद्र सोनी ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि उन पर करीब 7 से 8 लाख रुपये का कर्ज था और वह पिछले कई दिनों से परेशान थे।
इसी बीच, सोने-चांदी की कारीगरी का काम करने वाले धर्मेंद्र सोनी के खिलाफ पुलिस अधीक्षक को दिए गए एक आवेदन में लाखों रुपये के सोने के जेवर लेकर वापस नहीं करने के आरोप लगाए गए हैं। शिकायत के अनुसार, सचिन खंडेलवाल से करीब 2 लाख 80 हजार रुपये का सोने का हार, आदित्य गर्ग से 1 लाख 95 हजार रुपये के जेवर, रजत गर्ग से सोने की चेन और विनोद सैनी से करीब 80 हजार रुपये के सोने के जेवर लिए गए थे।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि संबंधित कारीगर जेवर यह कहकर ले गया था कि वह ग्राहकों को सामान का भुगतान करके आएगा। शिकायत में कहा गया है कि इसके बाद न तो जेवर वापस किए गए और न ही उनकी राशि लौटाई गई। शिकायतकर्ताओं के मुताबिक, पहले भी वह कई बार जेवर लेकर गया था और भुगतान कर देता था, लेकिन इस बार से उनकी रकम और जेवर अटके हुए हैं।
शिकायत में उल्लेख किया गया है कि 10 अक्टूबर को एक वीडियो के माध्यम से कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाने की जानकारी मिलने के बाद शिकायतकर्ताओं ने बाजार में पूछताछ की। इस दौरान उन्हें पता चलने की बात कही गई कि संबंधित व्यक्ति कुछ जेवर दूसरी जगह बेचने के लिए भी ले गया था। जब शिकायतकर्ताओं ने जेवर या उनकी राशि वापस मांगी, तो कथित तौर पर टालमटोल की गई।
शिकायतकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक से मामले की जांच कर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने और उनके जेवर या उनकी कीमत वापस दिलाने की मांग की है।






