,

फोरलेन पर दो ट्रकों की भीषण भिड़ंत, केबिन में बुरी तरह फंसा चालक; क्रेन से एक घंटे बाद निकाला / Shivpuri News

शिवपुरी। फोरलेन पर बागबान होटल के पास दो ट्रकों के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ट्रकों के केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्याज से भरे ट्रक का चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया, जिसे बाहर निकालने के लिए पुलिस को क्रेन की मदद लेनी पड़ी। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

जानकारी के अनुसार, साहब सिंह गुर्जर पुत्र मेहरबान सिंह ट्रक लेकर मुंबई की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बागबान होटल के पास फोरलेन पर सामने से आ रहे प्याज से भरे ट्रक से उनकी भिड़ंत हो गई। प्याज से भरा ट्रक इंदौर से दिल्ली की ओर जा रहा था, जिसे कमलेश यादव पुत्र कुंवर यादव, उम्र 28 वर्ष, निवासी बिहार चला रहे थे।

हादसे में दोनों ट्रकों के केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। चालक कमलेश यादव केबिन में फंस गए और उन्हें बाहर निकालना मुश्किल हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद कमलेश को केबिन से बाहर निकाला गया।

हादसे में दोनों ट्रक चालकों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।