,

बैराड़ में जमीन विवाद ने पकड़ा तूल: सरसों की बोवनी करने से रोकने, मारपीट और धमकी का आरोप; फरियादी ने पुलिस पर भी लगाए गंभीर आरोप / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले के बैराड़ थाना क्षेत्र के ग्राम गुंगरपट्टी में जमीन पर खेती करने को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। गांव के रामप्रसाद यादव ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर अपने भाई मुलायम यादव और रामनिवास यादव पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। साथ ही उन्होंने बैराड़ थाना पुलिस पर उचित कार्रवाई नहीं करने और थाने में कई घंटे तक बैठाकर रखने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, 6 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 6 बजे रामप्रसाद अपने खेत पर बने घर के पास थे। इसी दौरान मुलायम यादव और रामनिवास वहां पहुंचे। रामप्रसाद का आरोप है कि जब उन्होंने अपने हिस्से की जमीन पर सरसों की बोवनी करने की बात कही, तो दोनों ने जमीन पर उनका हिस्सा होने से इनकार करते हुए उन्हें खेती करने से रोका। आरोप है कि इसके बाद गाली-गलौज की गई और खेत में पड़े मिट्टी के ढेलों तथा लात-घूंसों से मारपीट की गई। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि फसल बोने पर जान से खत्म करने की धमकी दी गई। उस समय उनकी पत्नी मौके पर मौजूद थीं।

रामप्रसाद ने आवेदन में आरोप लगाया कि घटना की शिकायत लेकर वह बैराड़ थाने पहुंचे, लेकिन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के बजाय केवल एनसीआर काटकर दे दी। उनका दावा है कि अगले दिन उन्हें फिर थाने बुलाया गया, जहां सुबह करीब 10 बजे से शाम 6 बजे तक बैठाकर रखा गया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि उन्हें दोबारा थाने आने पर बीएनएसएस की धारा 170 के तहत कार्रवाई कर जेल भेजने की चेतावनी भी दी गई।

रामप्रसाद ने आरोपियों के राजनीतिक और आर्थिक प्रभाव के कारण उचित कार्रवाई नहीं होने की आशंका जताई है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित थाना पुलिस को एफआईआर दर्ज करने के निर्देश देने और आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।