,

भाई की हत्या के आरोपी अब तक फरार, मारपीट के बाद धमकी का भी आरोप; कृपाराम ने SP से लगाई गिरफ्तारी और सुरक्षा की गुहार / Shivpuri News

शिवपुरी। भौंती थाना क्षेत्र के ग्राम भयावन निवासी कृपाराम लोधी ने जनसुनवाई में पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर मारपीट के आरोपियों और अपने भाई प्रमान सिंह लोधी की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि आरोपियों के हौसले बुलंद हैं और पुलिस की ओर से संरक्षण मिलने के कारण वे खुलेआम घूम रहे हैं।

शिकायत के मुताबिक, 13 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 1 बजे कृपाराम अपने खेत पर फसल देखने गया था। इसी दौरान कथित तौर पर लवकुश पाल पुत्र हुकुम पाल निवासी मजरा भौंड़न और उसके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति ने पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। गाली देने से मना करने पर लवकुश पाल द्वारा डंडे से मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार, मारपीट में उसकी पीठ, कमर और दोनों पैरों में चोटें आईं। मौके पर पहुंचे हरचरण लोधी ने बीच-बचाव किया।

कृपाराम ने आरोप लगाया है कि मारपीट करने वाले लोग उसे यह कहकर धमकाते हैं कि उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने से उनका कुछ नहीं बिगड़ेगा। शिकायत में सुदामा पाल, दिनेश पाल, शैतान पाल, केशपाल पाल, मोहर सिंह पाल, अनिल लोधी और अंगद लोधी के नाम भी लिए गए हैं और आरोप लगाया गया है कि इन्हीं लोगों ने उसके भाई प्रमान सिंह लोधी की हत्या की है। शिकायतकर्ता का दावा है कि इस मामले के कुछ आरोपी अब भी फरार हैं।

कृपाराम ने आरोप लगाया कि पुलिस से आरोपियों की अच्छी सांठगांठ होने के कारण उनकी सुनवाई नहीं हो रही है और इसी वजह से आरोपी गिरफ्तार नहीं किए गए हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से वह और उसका परिवार भयभीत है।

कृपाराम ने पुलिस अधीक्षक से सभी संबंधित आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर जेल भेजने तथा अपने और परिवार के जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।