शिवपुरी। रनौद क्षेत्र के ग्राम सूखा राजापुर निवासी गोलू लोधी ने अपनी पत्नी सविता लोधी पर पूर्व से विवाहित होने की जानकारी छिपाकर कथित रूप से धोखे से विवाह करने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर गोलू ने 29 सितंबर को पुलिस अधीक्षक को शिकायत कर जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक गोलू का विवाह करीब ढाई वर्ष पहले पिछोर तहसील के ग्राम टोडी निवासी सविता लोधी से हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। दोनों के एक करीब डेढ़ वर्षीय पुत्र भी है। गोलू का कहना है कि उसे लंबे समय तक पत्नी के पूर्व विवाह की जानकारी नहीं थी।
शिकायत में बताया गया कि 28 सितंबर को सोशल मीडिया के माध्यम से उसे कथित तौर पर पत्नी के पूर्व में विवाहित होने की जानकारी मिली। पत्नी से पूछताछ करने पर उसने भी पूर्व विवाह होने की बात कही। इसके बाद गोलू ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। आवेदक ने पुलिस से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।





