शिवपुरी। जिले के बामौरकलां थाना क्षेत्र के ग्राम किंटरखेड़ा में जमीनी विवाद को लेकर एक परिवार पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला करने और घर में घुसकर लूटपाट करने के आरोप लगाए गए हैं। मामले में घायल रघुपाल सिंह पुत्र रामराजा चौहान ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की है।
शिकायत के मुताबिक रघुपाल सिंह, शिशुपाल सिंह और ब्रजपाल सिंह का गांव के ही कुछ लोगों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि विवाद को लेकर परिवार की ओर से पहले भी बामौरकलां थाने में पुलिसकर्मी को सूचना दी गई थी, लेकिन समय रहते मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 22 सितंबर की रात आरोपी पक्ष फरसी, कुल्हाड़ी, तलवार सहित अन्य धारदार हथियार लेकर घर में घुस आया और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट कर जानलेवा हमला किया। आरोप है कि हमले के दौरान परिवार की महिलाओं के आभूषण और नकदी सहित अन्य कीमती सामान ले जाया गया तथा घर में भी तोड़फोड़ की गई।
शिकायतकर्ता के अनुसार हमले में परिवार के सदस्य घायल होकर बेहोश हो गए, जिसके बाद पुलिस उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लेकर गई। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि इसके बाद भी मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई और परिवार अभी अस्पताल में उपचाररत है।
रघुपाल सिंह ने पुलिस अधीक्षक से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग करते हुए परिवार को सुरक्षा और न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।





