शिवपुरी। ग्राम ख्यावदा कलां के ग्रामीणों ने जनसुनवाई में आवेदन देकर शासकीय उचित मूल्य की दुकान के सेल्समैन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि दुकान पर आने वाले गरीब उपभोक्ताओं से मशीन पर एडवांस में अंगूठा लगवा लिया जाता है, लेकिन राशन का वितरण नहीं किया जाता।
ग्रामीणों के अनुसार, मई और जून 2026 का राशन अब तक वितरित नहीं किया गया है। आरोप है कि सेल्समैन द्वारा अक्टूबर माह में राशन बांटने की बात कही जा रही है। ग्रामीणों ने दावा किया कि दोनों महीनों का राशन दुकान पर रखा हुआ है और प्रशासन चाहे तो मौके पर निरीक्षण कर स्थिति की जांच कर सकता है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस मामले को लेकर 15 जुलाई 2026 को भी कलेक्टर को शिकायत दी गई थी, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। शिकायतकर्ताओं ने सेल्समैन पर कथित रूप से अधिकारियों को कमीशन देने की बात कहने का भी आरोप लगाया है।
अब ग्रामीणों ने दोबारा जनसुनवाई में आवेदन देकर मई-जून का राशन जल्द वितरित कराने, दुकान की जांच करने और संबंधित सेल्समैन के खिलाफ कार्रवाई कर उसे हटाकर नया सेल्समैन नियुक्त करने की मांग की है।





