शिवपुरी। शक्ति कॉलोनी पुरम खुड़ा में 19 सितंबर की रात विवाद के बाद एक परिवार के तीन सदस्यों से मारपीट का मामला सामने आया है। फरियादी नीरज धाकड़ ने पुलिस को दी शिकायत में बादल धाकड़, सीताराम धाकड़, नरेश धाकड़ और रावत पर डंडों से मारपीट करने का आरोप लगाया है।
शिकायत के अनुसार रात करीब 10:30 बजे नीरज घर पर खाना खा रहा था। इसी दौरान बाहर से विवाद की आवाज सुनकर वह बाहर आया, जहां उसके भाई पवन धाकड़ को वीडियो वायरल करने की बात को लेकर गालियां देने का आरोप है। नीरज के विरोध करने पर चारों आरोपियों द्वारा उसके साथ डंडों से मारपीट की गई।
फरियादी के मुताबिक मारपीट में उसके कंधे, छाती, पेट, पीठ, पैर और गाल में चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंचे भाई पवन और मां शांति बाई के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है। पवन के सिर और पैर में चोट आई, जबकि शांति बाई को शरीर में कई जगह चोटें लगने की बात शिकायत में कही गई है।
घटना के दौरान मनीषा धाकड़ और उत्तम धाकड़ के मौके पर मौजूद होकर बीच-बचाव करने की बात भी रिपोर्ट में दर्ज है। फरियादी ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने रिपोर्ट करने पर जान से खत्म करने की धमकी भी दी। घायल पवन और शांति बाई को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जबकि नीरज ने थाने पहुंचकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।




