,

चक्का जाम के अगले दिन निकली ऊर्जा मंत्री की प्रतीकात्मक शव यात्रा, सरपंच बोले- ‘मैं मौके पर था ही नहीं, फिर भी FIR में नाम’; डेढ़ माह से डोंगल जब्त / Shivpuri News

शिवपुरी। करैरा जनपद की ग्राम पंचायत सिरसौद के सरपंच अतरसिंह लोधी ने जनसुनवाई में अपनी पंचायत की डीएससी डोंगल वापस दिलाने की मांग की है। सरपंच का आरोप है कि बिजली समस्या को लेकर ग्रामीणों द्वारा किए गए चक्का जाम के अगले दिन गांव के लोगों ने ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली थी। उनका दावा है कि वे इस यात्रा में शामिल नहीं थे और उस समय मौके पर मौजूद भी नहीं थे, इसके बावजूद पुलिस ने उनके खिलाफ FIR दर्ज कर दी।

सरपंच के मुताबिक, FIR दर्ज होने के बाद जिला पंचायत के निर्देश पर जनपद पंचायत करैरा के अधिकारियों ने ग्राम पंचायत की डीएससी डोंगल अपने पास रख ली, जिसे करीब डेढ़ माह बीत चुका है। डोंगल नहीं होने से पंचायत के जरूरी कार्य प्रभावित होने का दावा किया गया है।

शिकायत में सरपंच ने बताया कि डोंगल के अभाव में पंचायत के सफाई कर्मचारियों के वेतन भुगतान में परेशानी आ रही है, जिससे गांव की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इसके अलावा नल-जल योजना सहित अन्य पंचायत कार्य भी प्रभावित होने की बात कही गई है।

अतरसिंह लोधी ने कलेक्टर से पूरे मामले की जांच कराने और जनपद पंचायत करैरा के सीईओ को पंचायत की डीएससी डोंगल वापस करने के निर्देश देने की मांग की है, ताकि ग्राम पंचायत के विकास और जरूरी कार्य दोबारा सुचारू रूप से संचालित हो सकें।


संबंधित खबरें