,

पिछोर में रातोंरात राधा-कृष्ण की प्रतिमा स्थापित, सुबह पूजा के लिए उमड़ी भीड़; अनुमति को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले के पिछोर इलाके में सार्वजनिक स्थानों पर रातोंरात प्रतिमाएं स्थापित किए जाने का सिलसिला अब धार्मिक प्रतिमाओं तक पहुंच गया है। सोमवार सुबह फुटेरा वार्ड नंबर 15 में लोगों ने राधा-कृष्ण की प्रतिमा देखी। रविवार रात अज्ञात लोगों द्वारा प्रतिमा स्थापित किए जाने की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और पूजा-अर्चना शुरू कर दी।

बताया जा रहा है कि फुटेरा वार्ड नंबर 15 में रविवार रात किसी अज्ञात व्यक्ति या समूह द्वारा श्रीराधा-कृष्ण की प्रतिमा रखी गई। सोमवार सुबह जब स्थानीय लोगों की नजर प्रतिमा पर पड़ी तो इसकी जानकारी तेजी से पूरे इलाके में फैल गई। इसके बाद दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए लोगों की भीड़ जुटने लगी।

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

पिछोर विधानसभा क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर रातोंरात प्रतिमाएं लगाए जाने के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। महापुरुषों सहित अलग-अलग लोगों की प्रतिमाएं स्थापित किए जाने को लेकर पूर्व में विवाद, प्रदर्शन और चक्काजाम की स्थिति भी बन चुकी है। कुछ मामलों में पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई भी की गई है।

फुटेरा में राधा-कृष्ण की प्रतिमा स्थापित होने के बाद फिलहाल स्थानीय लोगों में धार्मिक उत्साह नजर आ रहा है। हालांकि प्रतिमा किसने स्थापित की और इसके लिए प्रशासन से अनुमति ली गई थी या नहीं, इसकी स्थिति फिलहाल स्पष्ट नहीं है। अब प्रशासन और पुलिस द्वारा मामले में क्या कदम उठाया जाता है, इस पर नजर रहेगी।


संबंधित खबरें