शिवपुरी। जिले के ग्राम टोरिया खुर्द में एडवोकेट महेन्द्र सिंह बघेल के जन्मदिवस के अवसर पर मैराथन दौड़ प्रतियोगिता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके बाद अतिथियों का साफा बांधकर, शॉल-श्रीफल एवं माला पहनाकर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश राज्य पशुधन एवं कुक्कुट विकास निगम के अध्यक्ष केशव सिंह बघेल रहे, जबकि अध्यक्षता ठाकुर महेन्द्र सिंह सोलंकी ने की। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
मैराथन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले कपिल परिहार झांसी को ट्रॉफी एवं 3100 रुपये, द्वितीय स्थान पर रहे करतार सिंह गुर्जर शिवपुरी को ट्रॉफी एवं 1500 रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले सूर्य ठाकुर शिवपुरी को ट्रॉफी एवं 1100 रुपये नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के बाद समाजसेवी एवं पर्यावरण प्रेमी राजा भैया परिहार ने आदिवासी बस्ती चिन्नौद में ग्रामीणों को पौधे वितरित किए। वहीं खाती बाबा के स्थान पर वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। आयोजन समिति एवं एडवोकेट महेन्द्र सिंह बघेल ने सभी सहयोगियों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।









