शिवपुरी। ग्राम गोराटीला स्थित झरने के पानी के उपयोग के बाद एक ही परिवार के चार बच्चों की दुखद मौत के मामले में जिला प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए। मंगलवार को पिकनिक पर गए परिवार के सदस्यों की स्वास्थ्य जांच कराई गई।
सीएमएचओ ने चिकित्सकों की दो टीमें गठित कर 50 ब्लड सैंपल लिए हैं। वहीं झरने के पानी की गुणवत्ता की जांच के लिए पानी के सैंपल भी लिए गए हैं। तौकीर अहमद की 17 वर्षीय बेटी ताशीन की जांच में समस्या सामने आने पर उसका अल्ट्रासाउंड कराया गया और उपचार शुरू किया गया है। चिकित्सकों की टीम उसकी लगातार निगरानी कर रही है।
जानकारी के अनुसार, शिवपुरी के वार्ड नंबर 9 हम्माल मोहल्ला निवासी रजा मोहम्मद और फिजिकल थाना क्षेत्र के सामने रहने वाले तनवीर के परिवार के करीब 15 सदस्य गोराटीला झरने पर पिकनिक मनाने गए थे। वहां परिवार के सदस्यों ने झरने में स्नान किया और खाना खाया। इसके बाद कुछ लोगों की तबीयत बिगड़ी और चार बच्चों की दुखद मौत हो गई।
एसडीएम ने किया मौके का निरीक्षण
कलेक्टर के निर्देश पर कोलारस एसडीएम शिवदयाल धाकड़ ने प्रशासनिक अमले, पटवारी, सरपंच और ग्रामीणों के साथ सिद्ध बाबा बरसाती नाले से निकलने वाले झरने और गोराटीला क्षेत्र का निरीक्षण किया। स्वास्थ्य विभाग को गांव में सर्वे करने और ग्रामीणों की स्वास्थ्य निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी व्यक्ति में लक्षण दिखाई देने पर तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए भी कहा गया है।
जांच रिपोर्ट आने तक पानी का उपयोग न करने की अपील
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जांच रिपोर्ट आने तक गोराटीला झरने के पानी का न तो पीने में उपयोग करें, न ही इससे नहाएं और न ही किसी घरेलू काम में इस्तेमाल करें। प्रशासन द्वारा पानी के सैंपल की जांच कराई जा रही है, जिसके बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
पीड़ित परिवारों को डेढ़ लाख रुपये की राहत
दुख की इस घड़ी में जिला प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई है। कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर अपर कलेक्टर दिनेश चंद्र शुक्ला ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस दौरान रेडक्रॉस की ओर से पीड़ित परिवारों को ₹1.50 लाख की राहत राशि का चेक सौंपा गया।








Be First to Comment