Press "Enter" to skip to content

पहले बाउंड्री तोड़ी, विरोध किया तो पीट, थाने जाते समय रास्ता रोककर गोली मारी, SP से लगाई सुरक्षा की गुहार / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले के नरवर थाना क्षेत्र की मगरौनी चौकी अंतर्गत ग्राम खोड़बाबड़ी में जमीन/बाउंड्री विवाद को लेकर एक व्यक्ति पर हमला और गोली मारने का गंभीर आरोप सामने आया है। घायल नारायण गुर्जर ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तारी और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

जानकारी के मुताबिक, 16 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 12 से 1 बजे आरोपी प्रकाश गुर्जर, राजेन्द्र गुर्जर, मलखान, छोटा, सुरेन्द्र, गिर्राज, लवकुश और दीवान सहित अन्य लोगों ने उसके घर की बाउंड्री तोड़ दी। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की, जिससे हाथ-पैर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं।

नारायण का आरोप है कि रात में वह आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने मगरौनी पुलिस चौकी जा रहा था, तभी रास्ते में आरोपियों ने उसे रोक लिया और रिपोर्ट करने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद धारदार हथियार, लाठी-डंडों से हमला किया गया। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि मलखान सिंह देशी कट्टा लिए था और रात करीब 10 बजे गोली चला दी, जो उसके दाहिने पैर में लगी।

पीड़ित के मुताबिक, गंभीर हालत में वह किसी तरह थाने पहुंचा, जहां प्राथमिकी दर्ज की गई। उसका कहना है कि घटना के समय गंभीर चोट और गोली की पीड़ा के कारण वह सभी आरोपियों के नाम नहीं बता सका। बाद में होश में आने पर उसने शेष आरोपियों के नाम भी मामले में शामिल किए जाने की मांग की है।

पीड़ित ने आवेदन में आरोप लगाया है कि आरोपी दबंग और राजनीतिक प्रभाव वाले हैं तथा गिरफ्तारी नहीं होने से उनके हौसले बढ़ गए हैं। आरोप है कि आरोपी उसे और उसके परिवार को लगातार धमका रहे हैं। नारायण ने SP से सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!