Press "Enter" to skip to content

पिछोर में मूर्तियों को लेकर बढ़ा तनाव: अहिल्याबाई की प्रतिमा खंडित, अवंतीबाई की प्रतिमाएं स्थापित / Shivpuri News

शिवपुरी। पिछोर विधानसभा क्षेत्र में मूर्तियों को स्थापित करने और खंडित करने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार रात खनियाधाना थाना क्षेत्र में सांदीपनि स्कूल के पास लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा को अज्ञात लोगों ने खंडित कर दिया। बताया जा रहा है कि यह प्रतिमा करीब दो साल पहले स्थापित की गई थी और इससे पहले भी इसे नुकसान पहुंचाया जा चुका है।

प्रतिमा खंडित होने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। समाजजनों ने घटना पर आक्रोश जताते हुए आरोपियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई करने और क्षतिग्रस्त प्रतिमा को दोबारा स्थापित कराने की मांग की।

पाल समाज के शोभाराम पाल के अनुसार, 15 अगस्त को मौके पर पहुंचने पर प्रतिमा के हाथ में मौजूद शिवलिंग और तलवार टूटे हुए मिले। दो साल के भीतर दूसरी बार प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने से समाज में नाराजगी है।

वहीं, इसी दौरान खोड़ चौकी क्षेत्र के बूधौन गांव में वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा स्थापित की गई। मायापुर थाना क्षेत्र के पड़ौरा गांव में भी रानी अवंतीबाई लोधी का छायाचित्र बड़ी लोहे की फ्रेम पर लगाया गया। रविवार को रानी अवंतीबाई लोधी की जयंती के मद्देनजर इन घटनाओं ने क्षेत्र का माहौल संवेदनशील बना दिया है।

घटनाओं के बाद पुलिस और प्रशासन द्वारा तीनों स्थानों पर निगरानी बढ़ाई गई है, ताकि किसी भी तरह के विवाद या तनाव की स्थिति उत्पन्न न हो। अधिकारियों की नजर सोशल मीडिया पर भी बनी हुई है।

हाल ही में पड़ोसी चंदेरी विधानसभा क्षेत्र में मूर्ति हटाने को लेकर विवाद की स्थिति बन चुकी है। ऐसे में पिछोर क्षेत्र में लगातार सामने आ रही मूर्ति स्थापना और प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने की घटनाओं को लेकर प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!