Press "Enter" to skip to content

NH 46 पर पेट्रोल भरवाकर बिना भुगतान भागे कार सवार, CCTV में कैद हुई घटना / Shivpuri News

शिवपुरी। कोलारस थाना क्षेत्र के एनएच-46 स्थित श्री बच्चन धन पत्ते वाले पेट्रोल पंप पर बुधवार सुबह करीब 6 बजे कार सवार युवक 2100 रुपए का पेट्रोल भरवाकर बिना भुगतान किए फरार हो गए। पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। पंप प्रबंधन ने कोलारस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने फुटेज के आधार पर कार की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, गुना की ओर से शिवपुरी जा रही कार पेट्रोल भरवाने के लिए पंप पर रुकी थी। कार से एक युवक नीचे उतरा और उसने सेल्समैन नरेंद्र दांगी से 2100 रुपए का पेट्रोल डालने को कहा। युवक ने भुगतान के लिए पंप का QR कोड मांगा और उसका स्क्रीनशॉट अपने परिचित को भेजकर भुगतान कराने की बात कही।

इसके बाद सेल्समैन ने कार में पेट्रोल डालना शुरू कर दिया। पेट्रोल भरने के दौरान युवक कार के पास खड़ा रहा। पेट्रोल भर जाने के बाद युवक मोबाइल पर बात करने का बहाना करते हुए कार में बैठ गया। इसी दौरान चालक ने कार स्टार्ट कर तेज रफ्तार से मौके से भगा दी।

सेल्समैन ने कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन कार सवार फरार हो गए। बताया जा रहा है कि कार के आगे और पीछे दोनों तरफ नंबर प्लेट नहीं लगी थी। ऐसे में पंप प्रबंधन ने घटना को संदिग्ध बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत मिलने के बाद कोलारस पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है। पुलिस बिना नंबर प्लेट वाली कार की पहचान कर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!