Press "Enter" to skip to content

हर घर तिरंगा रैली में विधायक प्रीतम लोधी का चालान, बोले- पाकिस्तान ने झंडे पर चांद छापा, हमने चांद पर तिरंगा / Shivpuri News

शिवपुरी। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार को पिछोर नगर में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत भव्य बाइक रैली निकाली गई। रैली का शुभारंभ क्षेत्रीय भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने रेस्ट हाउस स्थित जन सेवा कार्यालय से हरी झंडी दिखाकर किया। रैली में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और युवा शामिल हुए।

रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए डांग बंगले पर पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान भारत माता की जय और हर घर तिरंगा के नारों से पूरा नगर देशभक्ति के रंग में नजर आया।

रैली के दौरान पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए बाइक सवारों को रोका। इस दौरान विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने कानून का सम्मान करते हुए स्वेच्छा से अपनी बाइक का चालान कटवाया। इसके बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।

विधायक ने कहा कि कानून सभी के लिए समान है और जनप्रतिनिधियों की भी जिम्मेदारी है कि वे नियमों का पालन करें। उन्होंने लोगों से बाइक चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनने की अपील की।

रैली को संबोधित करते हुए विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने देशभक्ति का संदेश देते हुए कहा, “पाकिस्तान ने झंडे पर चांद छापा है और हमने चांद पर तिरंगा छापा है।” उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन-बान और शान का प्रतीक है और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य लोगों में देशभक्ति की भावना को मजबूत करना है।

विधायक ने 15 अगस्त को पिछोर के हर घर पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देशभक्ति के साथ अनुशासन और कानून का सम्मान भी जरूरी है।

विधायक द्वारा खुद चालान कटवाने और यातायात नियमों का पालन करने के संदेश की लोगों और पुलिसकर्मियों ने सराहना की।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!