Press "Enter" to skip to content

स्वच्छ भारत मिशन अव्वल आए संस्थानों को नपा ने बांटे प्रमाण पत्र / Shivpuri News

शिवपुरी। मानस भवन में स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत स्वच्छता में अव्वल आए संस्थानों को नगर पालिका ने एक गरिमामय कार्यक्रम में प्रमाण पत्र देकर सराहा। मुख्य नगरपालिका अधिकारी शैलेश अवस्थी ने विभिन्ना संस्थानों के प्रतिनिधियों को स्वच्छता का अलख जगा कर अन्य को प्रेरणा देने वाला बताकर इन संस्थापकों की भूरी भूरी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि आज हम स्वच्छता को लेकर जागरूक है। कल यही जागरूकता हमारे व्यवहार और आदत का हिस्सा बन जाएगी। जब ऐसा होगा तब शिवपुरी स्वच्छता में प्रदेश स्तर पर अव्वल श्रेणी में शामिल हो जाएगा। कार्यक्रम में नगर पालिका के पूर्व उपाध्यक्ष और वरिष्ठ भाजपा नेता भानु दुबे एवं गीता दीवान मंचासीन रहीं।

यह हुए स्वच्छता के लिए सम्मानित

स्वच्छता में सम्मानित होने वाले संस्थानों में होटल व्यवसाय से जुड़े टूरिस्ट विलेज को प्रथम, स्टार गोल्ड को द्वितीय व नक्षत्र गार्डन को तृतीय स्थान मिला। वहीं शासकीय कार्यालयों में प्रथम पोस्ट ऑफिस, द्वितीय यातायात थाना, तृतीय जिला न्यायालय रहा। वहीं अस्पतालों में सुखदेव हॉस्पिटल, एमएम हॉस्पिटल व सिद्धिविनायक हॉस्पिटल क्रमशः प्रथम, द्वितीय व तृतीय रहे। शिक्षण संस्थानों में प्रथम हैप्पी डेज स्कूल, द्वितीय सेंट बेनेडिक्ट स्कूल व तृतीय गीता पब्लिक स्कूल रहा। स्वच्छता के लिए उत्कृष्ट कार्य करने पर शाहिद खान और साजन मालू को भी प्रमाण पत्र दिया गया।

मानस भवन में बना बर्तन बैंक

मानस भवन में आयोजित होने वाले सामाजिक धार्मिक कार्यक्रमों में डिस्पोजल का उपयोग ना हो और कचरा ना फैले इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए सीएमओ शैलेश अवस्थी ने मानस भवन में बर्तन बैंक बनाया है। यह बर्तन बैंक कार्यक्रम का आयोजन करने वाले आयोजकों को मुफ्त में बर्तन देगा। इन बर्तनों का उपयोग होने से डिस्पोजल का कचरा नहीं होगा। सीएमओ शैलेश अवस्थी ने बताया कि यह बेहतर विकल्प है जो स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत मानस भवन में बर्तन बैंक की स्थापना कर प्रस्तुत किया गया है। इसके परिणाम में यूज एंड थ्रो वाला डिस्पोजल कचरा नहीं होगा।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!