Press "Enter" to skip to content

बैराड़ में गोबर डालने को लेकर विवाद, लाठी-डंडों से मारपीट में परिवार घायल; मेडिकल को लेकर एसपी से शिकायत / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले के बैराड़ क्षेत्र के ग्राम ऐंचवाड़ा में गोबर डालने को लेकर चल रहे पुराने विवाद ने 8 अगस्त की शाम मारपीट का रूप ले लिया। मामले में कीरत शाक्य ने पुलिस अधीक्षक शिवपुरी को शिकायत देकर आरोप लगाया कि उसके और परिवार के सदस्यों के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की गई, जबकि पुलिस पर गंभीर चोटों के बावजूद उसका और भाई रवि का मेडिकल नहीं कराने का आरोप लगाया गया है।

जानकारी के मुताबिक कीरत शाक्य, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम ऐंचवाड़ा ने बताया कि गांव के समेश शर्मा से गोबर डालने को लेकर उसका पहले से विवाद चल रहा था। 8 अगस्त 2026 की शाम करीब 5 बजे वह अपने घर के बाहर बैठा था, तभी अरविन्द शर्मा, आशीष शर्मा, मनीष शर्मा और शुभम शर्मा लाठी लेकर पहुंचे।

शिकायत के अनुसार आरोपियों ने कीरत को जातिगत गालियां दीं और गोबर डालने से मना करने को लेकर विवाद किया। आरोप है कि इसी दौरान अरविन्द शर्मा ने लाठी से कीरत के सिर पर वार किया, जिससे चोट लगी और खून निकल आया।

कीरत के पिता मंगी शाक्य उसे बचाने पहुंचे तो आरोप है कि आशीष, मनीष और शुभम ने उनके साथ भी लाठी से मारपीट की। NCRB में दर्ज बयान के अनुसार मंगी के दोनों हाथों, सीने, कमर और पीठ सहित शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें आईं।

मां बैजन्ती शाक्य के बीच-बचाव करने पहुंचने पर उनके साथ भी धक्का देकर जमीन पर गिराने और लातों से मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। घटना में परिवार के अन्य सदस्यों के घायल होने की बात भी सामने आई है

घटना के बाद कीरत ने बैराड़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद उसने एसपी को दिए आवेदन में आरोप लगाया कि सिर से खून निकलने के बावजूद उसका और उसके भाई रवि शाक्य का मेडिकल नहीं कराया गया। शिकायत में रवि के हाथ-पैर में गंभीर चोट और फ्रैक्चर की आशंका जताई गई है।

कीरत का आरोप है कि पुलिस ने उसके पिता मंगी शाक्य और सुधर सिंह का मेडिकल कराया, लेकिन गंभीर चोट वाले उसके और रवि के मेडिकल में लापरवाही की गई। उसने पुलिस पर आरोपियों को गंभीर धाराओं से बचाने का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए जिला अस्पताल शिवपुरी में मेडिकल कराने की मांग की है।


कीरत शाक्य ने 10 अगस्त को एसपी को आवेदन देकर उसका और भाई रवि का जिला चिकित्सालय शिवपुरी में मेडिकल कराने, चोटों के आधार पर उचित धाराओं में मामला दर्ज करने और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!