शिवपुरी जिले के कोलारस नगर के शासकीय महाविद्यालय के समीप स्थित खेल मैदान इन दिनों बारिश के बाद बदहाली का शिकार है। मानसूनी बारिश के चलते पूरा मैदान कीचड़ और दलदल में तब्दील हो गया है। मैदान में जगह-जगह पानी भरा होने के कारण यहां नियमित रूप से फिजिकल की तैयारी करने वाले युवाओं का अभ्यास प्रभावित हो रहा है।
इस मैदान में रोजाना सुबह बड़ी संख्या में युवा सेना, पुलिस, अर्धसैनिक बलों और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की फिजिकल परीक्षा की तैयारी के लिए पहुंचते हैं। लेकिन मैदान की मौजूदा स्थिति के चलते युवाओं को दौड़ और अन्य शारीरिक अभ्यास करने में परेशानी हो रही है। कई युवा मैदान देखकर वापस लौटने को मजबूर हैं।
युवाओं का कहना है कि भर्ती परीक्षाओं की तैयारी के लिए रोजाना अभ्यास बेहद जरूरी है। बारिश के कारण मैदान में कीचड़ और जलभराव होने से उनका अभ्यास रुक गया है। उनका आरोप है कि हर साल बरसात के दौरान कॉलेज ग्राउंड की यही स्थिति बनती है, लेकिन जल निकासी और मैदान को समतल करने के लिए स्थाई समाधान नहीं किया गया।
फिजिकल परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं ने प्रशासन से मैदान की स्थिति सुधारने की मांग की है। युवाओं का कहना है कि वे दिन-रात मेहनत कर सेना और पुलिस में भर्ती होकर देश की सेवा करने का सपना देख रहे हैं, लेकिन खराब मैदान उनकी तैयारी में बड़ी बाधा बन रहा है। युवाओं ने सवाल उठाया कि आखिर वे दौड़ और फिजिकल की तैयारी करने कहां जाएं?
युवाओं ने प्रशासन से तत्काल कॉलेज ग्राउंड का निरीक्षण कराने, मैदान को समतल कराने, कीचड़ से राहत दिलाने और पानी की निकासी के लिए स्थाई व्यवस्था करने की मांग की है।
क्षेत्रीय युवाओं के मुताबिक बारिश के मौसम में मैदान में जलभराव की समस्या कोई नई बात नहीं है। हल्की बारिश के बाद भी मैदान में पानी जमा हो जाता है और लंबे समय तक कीचड़ बना रहता है। युवाओं का कहना है कि यदि मैदान में उचित जल निकासी व्यवस्था कर दी जाए और इसे समतल कर दिया जाए तो समस्या का स्थाई समाधान हो सकता है।
मामले में कोलारस एसडीएम अनूप श्रीवास्तव ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है। वर्षाकाल के कारण मैदान में जलभराव और कीचड़ की समस्या उत्पन्न हुई है। जल्द ही कॉलेज ग्राउंड का निरीक्षण कर जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराई जाएगी। साथ ही मैदान को समतल कर दुरुस्त किया जाएगा, ताकि युवाओं को अभ्यास में किसी प्रकार की परेशानी न हो।










Be First to Comment