शिवपुरी जिले के नरवर थाना क्षेत्र के बरखाडी गांव में मवेशी चोरी का मामला सामने आया है। ग्रामीणों की सतर्कता से चोरी कर ले जाई जा रही तीन भैंसें बरामद कर ली गईं। ग्रामीणों ने एक लोडिंग वाहन सहित दो संदिग्धों को पकड़कर रातभर गांव में रखा और शुक्रवार सुबह नरवर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार बरखाडी गांव निवासी फेरन कुशवाह ने बताया कि गुरुवार को उनकी मां भैंसों को चराने के लिए जंगल ले गई थीं। दोपहर में खाना खाने के लिए घर लौटने के बाद जब वह करीब दो बजे वापस जंगल पहुंचीं तो उनकी तीनों भैंसें गायब थीं। इसी दौरान गांव के धर्मेंद्र कुशवाह के मवेशी भी लापता होने की जानकारी सामने आई।
मवेशियों के गायब होने की सूचना मिलते ही ग्रामीण एकजुट हो गए और आसपास के क्षेत्रों में तलाश शुरू कर दी। तलाश के दौरान टुकी गांव की नर्सरी के पास एक लोडिंग वाहन मिला, जिसमें फेरन कुशवाह की तीनों भैंसें बंधी हुई थीं। इसके बाद ग्रामीणों ने अलग-अलग स्थानों से दो लोगों को पकड़ लिया।
पकड़े गए एक व्यक्ति ने अपना नाम दीपक जाटव निवासी नरवर बताया। उसने ग्रामीणों को बताया कि लोडिंग वाहन उसका है और वह नरवर निवासी विनोद बघेल के कहने पर वाहन लेकर आया था। उसका कहना था कि उसे यह नहीं बताया गया था कि भैंसें चोरी की हैं, बल्कि उसे परिचित की भैंसें पिछोर छोड़ने के लिए कहा गया था।
ग्रामीणों ने रात में ही विनोद बघेल को भी पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान विनोद ने टुकी गांव निवासी चुन्ना गुर्जर का नाम लिया। उसका कहना था कि चुन्ना से उसकी पहचान नाल उठाने की प्रतियोगिता के दौरान हुई थी और उसी ने भैंसों को अपने रिश्तेदार की बताकर उन्हें ले जाने के लिए कहा था। हालांकि विनोद ने चोरी की जानकारी होने से इनकार किया।
शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने दोनों आरोपियों को लोडिंग वाहन सहित नरवर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। मामले में नरवर थाना प्रभारी विनय यादव ने बताया कि भैंस चोरी के आरोप में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।







Be First to Comment