शिवपुरी जिले के पोहरी में साइबर ठगों ने पीडब्ल्यूडी के सेवानिवृत्त एसडीओ हरिवल्लभ वर्मा का व्हाट्सएप अकाउंट हैक कर उनके परिचित ठेकेदार से 1 लाख 30 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पोहरी की अंसारी कॉलोनी निवासी ठेकेदार उदय सिंह धाकड़ (39) ने पुलिस को बताया कि 28 जुलाई 2026 को उनके मोबाइल पर हरिवल्लभ वर्मा के नाम से व्हाट्सएप संदेश आया। संदेश में नेटवर्क समस्या और यूपीआई बंद होने का हवाला देते हुए एक क्यूआर (बारकोड) भेजा गया और तत्काल एक लाख रुपये भेजने का अनुरोध किया गया।
परिचित का संदेश समझकर उदय सिंह ने अपने फोनपे खाते से पहले 40 हजार, फिर 30 हजार और उसके बाद 30 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। कुछ देर बाद फिर 30 हजार रुपये भेजने को कहा गया। इस बार क्यूआर कोड की लिमिट खत्म होने की बात कहकर 7633065461 नंबर पर, जिस पर ‘गोलू कुमार’ नाम प्रदर्शित हो रहा था, दूसरे बैंक खाते से 30 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए गए।
कुछ समय बाद परिचितों से पता चला कि हरिवल्लभ वर्मा का व्हाट्सएप अकाउंट हैक हो गया है। तब तक ठेकेदार अपने दो अलग-अलग बैंक खातों से कुल 1.30 लाख रुपये भेज चुके थे।
पीड़ित ने तत्काल साइबर सेल शिवपुरी को सूचना देने के बाद पोहरी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4) के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर बैंक खातों, मोबाइल नंबर और डिजिटल ट्रांजेक्शन की जांच शुरू कर दी है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि हरिवल्लभ वर्मा करीब एक माह पहले पीडब्ल्यूडी से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। विभाग ने भी उनके व्हाट्सएप अकाउंट के हैक होने की पुष्टि की है।







Be First to Comment