शिवपुरी। करैरा क्षेत्र में आगजनी और जान से मारने की धमकी के मामले में नामजद किए गए तीन लोगों ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को निराधार बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
शिकायत में मान सिंह फौजी, रनवीर सिंह और रवि गौतम ने बताया कि ग्राम कलोथरा निवासी राय सिंह, कमल किशोर, राजकिशोर एवं उनके परिवार की ओर से 4 अगस्त 2026 की घटना में उन पर टपरिया में आग लगाने और चाकू से धमकाने का आरोप लगाया गया है, जबकि उनका कहना है कि यह शिकायत पूरी तरह झूठी और मनगढ़ंत है।
पीड़ित का दावा है कि घटना के समय मान सिंह फौजी, रनवीर सिंह और जय हिंद अपने घर पर मौजूद थे, जिसकी पुष्टि घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से हो सकती है। वहीं रवि गौतम उस समय 132 केवी पावर हाउस, चिनोद में नाइट ड्यूटी पर थे, जिसके समर्थन में ड्यूटी रजिस्टर और सीसीटीवी रिकॉर्ड उपलब्ध होने का दावा किया गया है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि मान सिंह और रनवीर सिंह भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हैं तथा उनके खिलाफ पहले कभी कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं हुआ है।
पीड़ित ने एसपी से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि वे दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए, लेकिन यदि शिकायत झूठी साबित होती है तो शिकायतकर्ताओं के विरुद्ध झूठी शिकायत और मानहानि के संबंध में भी विधिसम्मत कार्रवाई की जाए।







Be First to Comment