Press "Enter" to skip to content

फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर लोगों को धमकाने वाला साइबर ठग गिरफ्तार, 11.20 लाख का माल जब्त / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले की भौंती थाना पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर लोगों को झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देकर रुपये ऐंठने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक कार, एक मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन सहित 11 लाख 20 हजार रुपये का माल जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार भारत सरकार के प्रतिबिंब पोर्टल पर प्राप्त वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायतों के आधार पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामदास प्रजापति के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी पिछोर प्रशांत शर्मा के नेतृत्व में थाना भौंती पुलिस ने ऑपरेशन मैट्रिक्स के तहत मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर आरोपी शिवम लोधी (21) पुत्र अमर सिंह लोधी, निवासी राधाकृष्ण मोहल्ला, भौंती को गिरफ्तार किया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर लोगों से अश्लील बातचीत करता था। इसके बाद स्वयं को पुलिस अधिकारी बताकर फोन करता और पीड़ितों को दुष्कर्म जैसे गंभीर अपराध में केस दर्ज होने एवं गिरफ्तारी का डर दिखाकर उनसे पैसे वसूलता था। इस तरह वह साइबर ठगी कर आर्थिक लाभ प्राप्त कर रहा था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पल्सर मोटरसाइकिल (MP33 NA 9987), बलेनो कार (UP93 BZ 9432) तथा तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत 11 लाख 20 हजार रुपये आंकी गई है।

इस मामले में थाना भौंती में अपराध क्रमांक 241/2026 दर्ज कर आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की विभिन्न धाराओं तथा आईटी एक्ट की धारा 66C एवं 66D के तहत प्रकरण कायम किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है, जबकि पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं तथा कितने लोगों को अपना शिकार बनाया गया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक घनश्याम भदौरिया सहित थाना भौंती की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!