शिवपुरी। जिले के करेरा विकासखंड के शासकीय माध्यमिक विद्यालय लालपुर में पदस्थ माध्यमिक शिक्षक राकेश कुमार बाथम को शराब के नशे में अनुचित हरकत करने और शिक्षकीय गरिमा के विपरीत आचरण करने के मामले में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, खनियाधाना निर्धारित किया गया है।
जानकारी के अनुसार, 4 अगस्त को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें शिक्षक राकेश कुमार बाथम ग्राम लालपुर में शराब के नशे में अनुचित व्यवहार करते दिखाई दे रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने मामले की जांच कराई।
जांच के लिए विकासखंड शिक्षा अधिकारी करेरा और शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करेरा के संकुल प्राचार्य की संयुक्त टीम विद्यालय पहुंची। जांच टीम के पहुंचने से पहले ही करीब 100 ग्रामीण विद्यालय के बाहर एकत्रित हो गए और संबंधित शिक्षक को हटाने तथा कड़ी कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने इस संबंध में पंचनामा भी तैयार किया।
जांच में वायरल वीडियो सही पाया गया। ग्रामीणों के बयान, पंचनामा और छात्र-छात्राओं के मौखिक कथनों में यह भी सामने आया कि संबंधित शिक्षक द्वारा पहले भी इस प्रकार की हरकतें किए जाने की शिकायतें थीं।
कलेक्टर ने माना कि शिक्षक का यह आचरण मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण नियम, 1965 का उल्लंघन है तथा कर्तव्य के प्रति लापरवाही और अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। इसके आधार पर मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के तहत शिक्षक राकेश कुमार बाथम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।







Be First to Comment