शिवपुरी। कोतवाली थाना पुलिस ने मजदूरों के साथ घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य आरोपियों की पहचान भी हो चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
पुलिस के अनुसार, 3 अगस्त 2026 को उत्तर प्रदेश के फैजाबाद (अयोध्या) निवासी अंकित कुमार ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ अज्ञात लोगों ने घर में घुसकर मजदूरों के साथ मारपीट की और तोड़फोड़ की। शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 590/26 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामदास प्रजापति और नगर पुलिस अधीक्षक सचिन कुमार धुर्वे के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी रोहित दुबे ने टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और साक्षियों के बयान के आधार पर अभिषेक खटीक (22) निवासी दुबे नर्सरी के पास और संदीप शर्मा (23) निवासी फतेहपुर रोड, आशीर्वाद हॉस्पिटल के पास की पहचान की। दोनों आरोपियों को 5 अगस्त को गांधी पार्क स्थित मानस भवन के पास से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की पहचान भी हो चुकी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।







Be First to Comment