Press "Enter" to skip to content

तिलातिली के ग्रामीणों ने राशन वितरण में गड़बड़ी का लगाया आरोप, तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन / Shivpuri News

शिवपुरी जिले के बदरवास क्षेत्र के ग्राम तिलातिली के ग्रामीणों ने शासकीय उचित मूल्य दुकान के सेल्समैन पर राशन वितरण में अनियमितता का आरोप लगाते हुए तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और पूरा राशन दिलाने की मांग की है।

ग्रामीणों का आरोप है कि हरिजन मोहल्ला स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान से उन्हें जुलाई, अगस्त और सितंबर तीन माह का राशन मिलने के बजाय केवल एक माह का राशन दिया गया। उनका कहना है कि जुलाई माह का राशन उन्हें नहीं मिला, जबकि सेल्समैन बिना जुलाई का वितरण दर्ज किए सीधे अगस्त माह का राशन देने की बात कर रहा है। इससे ग्रामीणों ने राशन वितरण में गड़बड़ी की आशंका जताई है।

ज्ञापन में ग्रामीणों ने तीनों माह का राशन उपलब्ध कराने, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने पर संबंधित सेल्समैन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि समय पर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत करने के साथ आंदोलन भी करेंगे।

बदरवास तहसीलदार सचिन भार्गव ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत प्राप्त हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार संबंधित दुकान पर राशन कम पहुंचा है। अतिरिक्त राशन उपलब्ध कराने के लिए एसडीएम के माध्यम से मांग भेजी गई है। साथ ही पूरे मामले की जांच कराई जाएगी।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!